उत्तराखंड: जंगलों में आग की घटनाओं में कमी, वन विभाग ने जताई संतुष्टि

उत्तराखंड वन विभाग के लिहाज से अच्छी खबर है, इस बार वन विभाग को आग की घटनाओं से ज्यादा परेशानी नहीं हुई है। प्रमुख वन संरक्षक निशांत वर्मा ने बताया कि इस साल प्रदेश के जंगलों में 216 आग की घटनाएं सामने आई है, जिससे 234 हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है।
जबकि पिछले साल 2024 की तुलना में 1276 वनाग्नि की घटना सामने आई, जिससे 1771.67 हेक्टेयर भूमि क्षेत्र प्रभावित हुआ। 2012 से लेकर 2025 तक 14 सालों में आग की सबसे कम घटनाएं 2020 में देखने को मिली थी। 2020 में आग की 135 घटनाएं सामने आई,
जिससे 172. 69 हेक्टेयर वन भूमि प्रभावित हुई। 14 सालों में सबसे ज्यादा वन क्षेत्र 2018 में प्रभावित हुआ, 2018 में 2,150 आग की घटनाएं दर्ज की गई, जिससे 4,480.04 हेक्टेयर वन भूमि प्रभावित हुई। निशांत वर्मा ने बताया कि फॉरेस्ट फायर सीजन शुरू होने से पहले ही व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया, राज्य में कम्यूनिटी सेंटरों को आग नियंत्रण और प्रबंधन में भागीदारी के लिए सक्रिय किया गया। इसके साथ ही टेक्नोलॉजी का भी बेहतर उपयोग किया गया।