अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी इंद्रमणि नौटियाल को लेकर दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरे तो परिजनों की खुशी देखने लायक थी
दिल्ली/देहरादून: अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी की मेहनत रंग लाई है. सऊदी अरब में एक सड़क हादसे के मामले में फंसे इंद्रमणि नौटियाल को कानूनी शिकंजे से निकालकर वापस भारत ले आए हैं. जब रोशन रतूड़ी, इंद्रमणि नौटियाल को लेकर दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल पर उतरे तो वहां उनके स्वागत के लिए उत्तराखंड के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे थे.
सऊदी अरब से घर लौटे इंद्रमणि नौटियाल: आखिरकार करीब 10 साल बाद सऊदी अरब में फंसे इंद्रमणि नौटियाल सकुशल भारत लौट आए हैं. रोशन रतूड़ी ने सिर्फ 16 दिन में इंद्रमणि नौटियाल को कानूनी और आर्थिक मदद दिलाई कि उनकी जेल से रिहाई संभव हो सकी. इंद्रमणि नौटियाल के परिजन उन्हें लेने एयरपोर्ट पहुंचे थे.
रोशन रतूड़ी की मुहिम रंग लाई: इस मौके पर रोशन रतूड़ी ने कहा कि-
मेरे देश और प्रदेश के लोगों ने इस लड़ाई में मेरा साथ दिया, मैं उन सबका धन्यवाद अदा करता हूं. मेरा प्रयास रहता है कि हमारे देश का कोई भी शख्स अगर विदेश में किसी कारण से फंस जाता है तो मैं हरसंभव उसकी मदद करने की कोशिश करता हूं.
-रोशन रतूड़ी, अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी-
इंद्रमणि नौटियाल ने जताई खुशी: इंद्रमणि नौटियाल ने स्वदेश लौटने पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि-
अपने घर लौटकर में बहुत खुश हूं. रोशन रतूड़ी मेरे लिए देवदूत बनकर आए. जिन लोगों ने मेरे वापस लौटने के लिये प्रयास किया, मैं उन सबको हृदय से धन्यवाद अदा करता हूं.
-इंद्रमणि नौटियाल, सऊदी अरब से लौटे शख्स-
इंद्रमणि नौटियाल के साथ सऊदी अरब में क्या हुआ था? उत्तरकाशी के गोरसाड़ा गांव के रहने वाले इंद्रमणि नौटियाल रोजगार के सिलसिले में करीब 9 साल पहले साल 2018 में सऊदी अरब गए थे. सब कुछ ठीक चल रहा था. अचानक साल 2019 में उनके ट्रक से एक कार हादसे का शिकार हो गई. कार में सऊदी अरब के पांच नागरिक सवार थे. इस हादसे में कार सवार 5 लोगों की मौत हो गई थी. एक शख्स घायल हो गया. मामला सऊदी अरब की अल-कुरैया (Qurayyah) कोर्ट में पहुंचा था.
इंद्रमणि नौटियाल ने दावा किया था कि ट्रक का इंश्योरेंस नहीं था. उन्होंने इसके बारे में ट्रक मालिक को भी बताया था और बिना इंश्योरेंस के ट्रक नहीं चलाने को कहा था. ट्रक चालक ने जिम्मेदारी लेते हुए उन्हें जबरन ड्राइव करने को भेजा. ऐसे में इस केस में पूरी गलती ट्रक मालिक की थी. मामला कोर्ट में चला गया तो उन्हें जेल की सजा हुई. ऐसे में इंद्रमणि नौटियाल की बेटी दीपिका समेत परिजनों ने उन्हें वापस लाने के लिए शासन और प्रशासन से गुहार लगाई, लेकिन इसके लिए भारी भरकम राशि जमा कराने की जरूरत पड़ी.
सऊदी अरब की कोर्ट ने फैसला लिया कि इंद्रमणि नौटियाल को 9 लाख रियाल यानी भारतीय रुपए में आज के हिसाब से करीब 2 करोड़ 32 लाख 63 हजार पीड़ित परिवार को देने होंगे, जिनकी इस हादसे में जान गई है. इसी बीच वे कई सालों तक जेल में रहे.
दीपिका समेत परिजनों की अपील पर उत्तरकाशी से लेकर उत्तराखंड के कोने-कोने से मदद के लिए रकम जुटाए गए. उत्तराखंड सरकार ने मदद के लिए 2 लाख रुपए दिए. जबकि, ग्रामीणों ने भी अपने-अपने क्षमता अनुसार सहयोग. इंद्रमणि नौटियाल की रिहाई के लिए अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी ने काफी प्रयास किया. आखिरकार गुरुवार रात 9 साल 10 महीने बाद वो नौटियाल को लेकर दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरे तो लोगों की खुशी देखने लायक थी.
