हरिद्वार: महंत रोहित गिरी छेड़खानी के आरोप में पंजाब पुलिस द्वारा गिरफ्तार

एक महिला से छेड़खानी के मामले में उनके खिलाफ वारंट जारी था। कोर्ट में पेश न होने की वजह से उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

हरिद्वार स्थित चंडी देवी मंदिर के महंत रोहित गिरी को छेड़खानी के एक मामले में पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और अपने साथ ले गई है। लुधियाना की एक महिला ने उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में कोर्ट ने महंत के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।

बुधवार को पंजाब के लुधियाना से पुलिस की एक टीम श्यामपुर थाना क्षेत्र में पहुंची। थाने में पहुंचकर औपचारिकताएं पूरी करने के बाद टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से चंडी देवी मंदिर के महंत रोहित गिरी के घर पर छापेमारी की और उन्हें हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस महंत को साथ लेकर लुधियाना के लिए रवाना हो गई।

श्यामपुर पुलिस के अनुसार, लुधियाना की एक महिला की करीब एक साल पहले हरिद्वार में हवन के दौरान महंत रोहित गिरी से मुलाकात हुई थी। उस समय महिला का अपने पति से विवाद चल रहा था, जिस वजह से वह धार्मिक अनुष्ठान के लिए हरिद्वार आई थी। आरोप है कि इसके बाद महंत ने महिला को अलग-अलग नंबरों से व्हाट्सएप कॉल करना शुरू कर दिया। 14 मार्च को जब महंत लुधियाना गए, तो उन्होंने महिला को फोन कर मिलने के लिए बुलाया और कार में उसे एक सुनसान जगह ले जाकर छेड़खानी की। इस घटना की शिकायत महिला ने लुधियाना में दर्ज कराई, जिसके आधार पर महंत के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया।

 

श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने पुष्टि की कि पंजाब पुलिस की टीम कोर्ट से जारी गैर-जमानती वारंट के साथ आई थी और कानूनी प्रक्रिया के तहत महंत को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।

महंत की पहली पत्नी ने आवास पर काटा हंगामा, तोड़फोड़

चंडी देवी मंदिर के महंत रोहित गिरी की गिरफ्तारी के दौरान उनकी पहली पत्नी भी कई लोगों को लेकर आवास पर पहुंच गई और हंगामा शुरू कर दिया। पत्नी के साथ पहुंचे लोगों ने भी हंगामा करते हुए तोड़फोड़ कर दी। पहली पत्नी के अलावा उनकी दूसरी पत्नी भी है। पहली पत्नी का आरोप है कि उसका तलाक नहीं हुआ है। बावजूद इसके पति रोहित गिरी ने दूसरी पत्नी रख लिया। अब एक और महिला के साथ छेड़खानी जैसे मामले में गिरफ्तारी भी हो गई है। मौके पर काफी हंगामा हुआ। पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया।