आदि केदारेश्वर और शंकराचार्य मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद, 16 नवंबर को बंद होंगे बदरी विशाल के द्वार

शीतकाल के लिए आदि केदारेश्वर और आदिगुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद हो गए हैं. अब श्रद्धालु आगामी वर्ष में ही दर्शन कर पाएंगे.

चमोली: विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में शीतकाल के लिए कपाट बंद होने की धार्मिक प्रक्रिया के तहत पंच पूजाएं जारी हैं. शुक्रवार को पंच पूजाओं के दूसरे दिन विधि-विधान के साथ श्री आदि केदारेश्वर मंदिर और आदिगुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए. अब श्रद्धालुओं को 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने का इंतजार है. मंदिर के कपाट सोमवार रात 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद होंगे.

शुक्रवार को अपराह्न 2:15 बजे बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी ने आदि केदारेश्वर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की. इस दौरान भगवान को पके चावलों का भोग अर्पित किया गया. आरती और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद विधि-विधान से मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए. इसके बाद अपराह्न 2:30 बजे आदिगुरु शंकराचार्य मंदिर में पूजा-अर्चना संपन्न हुई और मंदिर के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए. इस अवसर पर नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंवर आचार्य सेमवाल, डॉ. रवींद्र भट्ट, आचार्य वाणी विलास डिमरी, डॉ. अमित बंदोलिया, पुजारी बदरी विशाल भट्ट, सोनू भट्ट और किशोर भट्ट सहित मंदिर के अन्य धर्माधिकारी एवं पुजारी मौजूद रहे.

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कपाट बंद की प्रक्रिया शुरू होने पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं. समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और विजय कप्रवाण ने भी श्रद्धालुओं को बधाई दी. बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि शनिवार 14 नवंबर को पंच पूजाओं के तीसरे दिन खड्ग-पुस्तक पूजा के साथ वेद ऋचाओं का वाचन बंद होगा. 15 नवंबर को मां लक्ष्मी को भगवान बदरी विशाल के मंदिर में विराजमान होने का निमंत्रण दिया जाएगा.

इसके बाद 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे. पंच पूजाओं के दूसरे दिन दंडी स्वामी मुकुंदानंद जी महाराज, मंदिर समिति सदस्य धीरज पंचभैया मोनू, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, प्रभारी अधिकारी राकेश सेमवाल, मंदिर अधिकारी यदुवीर पुष्पवान, विवेक थपलियाल, संदीप कपरवाण, लेखाकार भूपेंद्र रावत, डॉ. हरीश गौड़, सत्येंद्र चौहान, श्याम बाबा, प्रमोद मिश्रा, रघुवीर पुंडीर, राजदीप सनवाल, राजेश नंबूदरी, सतीश मैखुरी, दर्शन कोटवाल और हरीश जोशी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं तीर्थयात्री मौजूद रहे.