विवादों के बाद आया फैसला: नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं भाजपा की दीपा, कांग्रेस की देवकी को उपाध्यक्ष पद मिला

नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव परिणाम घोषित हो गए हैं। इसमें दीपा दरम्वाल को नैनीताल की नई जिला पंचायत अध्यक्ष चुना गया है।

 

नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। अध्यक्ष पद पर भाजपा की दीपा दरम्वाल विजयी रही हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा नेगी को सिर्फ एक वोट से हराकर जीत दर्ज की। परिणाम नैनीताल जिला कोषागार में घोषित किए गए, जिसमें दीपा दरम्वाल को 11 और पुष्पा नेगी को 10 वोट मिले, जबकि एक वोट अमान्य हो गया।

 

वहीं उपाध्यक्ष पद पर कांटे की टक्कर देखने को मिली। भाजपा और कांग्रेस दोनों प्रत्याशियों को बराबर मत मिलने के बाद टॉस कराया गया। इसमें कांग्रेस की देवकी बिष्ट भाग्यशाली साबित हुईं और जिला पंचायत उपाध्यक्ष चुनी गईं।

 

14 अगस्त को नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ था। मतदान के बाद मतगणना पूरी कर ली गई थी, लेकिन परिणाम तत्काल घोषित नहीं किए गए। चुनाव नतीजों को सीलबंद लिफाफे में बंद कर डबल लॉकर में सुरक्षित रखा गया था। आखिरकार आज (19 अगस्त) निर्वाचन आयोग ने परिणाम घोषित किए, जिसमें अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी दीपा दरम्वाल विजयी रहीं।

 

गौरतलब है कि 14 अगस्त को ही चुनाव के दौरान पांच जिला पंचायत सदस्य अचानक लापता हो गए थे। इस पर कांग्रेस और भाजपा दोनों ने एक-दूसरे पर अपहरण का आरोप लगाया था। कांग्रेस ने उसी दिन इस मामले को हाईकोर्ट में उठाया था। इसी वजह से आयोग ने मतगणना पूरी होने के बाद भी नतीजे जारी नहीं किए। बाद में 18 अगस्त को हाईकोर्ट में सुनवाई हुई, जिसमें अदालत ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त टिप्पणी करते हुए एसएसपी को फटकार लगाई थी।