Uttarakhand Panchayat Chunav: जिला पंचायतों में भाजपा का दबदबा, कांग्रेस के हिस्से में आई केवल एक सीट

Uttarakhand Panchayat Election 2025: छह में से पांच जिलों में भाजपा प्रत्याशी जीते, देहरादून में कांग्रेस उम्मीदवार ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की।
प्रदेश के 10 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा ने कब्जा जमाया, जबकि एक सीट कांग्रेस के खाते में गई है। नैनीताल जिले का परिणाम अभी घोषित नहीं हुआ है।
गुरुवार सुबह 10 बजे से प्रदेश के 12 जिलों में ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत उपाध्यक्ष पदों के साथ सात जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मतदान शुरू हुआ, जो दोपहर तीन बजे तक चला। नैनीताल में मतदान के दौरान कुछ विवाद हुए, मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा और नतीजा फिलहाल लंबित है।
शेष छह जिलों में से पांच में भाजपा प्रत्याशी विजयी रहे, जबकि पांच जिलों में भाजपा के जिला पंचायत अध्यक्ष पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। देहरादून में कांग्रेस प्रत्याशी ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।
किस जिले में कौन अध्यक्ष
- टिहरी इशिता सजवाण भाजपा
- यूएस नगर अजय मौर्य भाजपा
- चंपावत आनंद सिंह अधिकारी भाजपा
- पिथौरागढ़ जितेंद्र प्रसाद भाजपा
- उत्तरकाशी रमेश चौहान भाजपा
- चमोली दौलत सिंह बिष्ट भाजपा
- अल्मोड़ा हेमा गैड़ा भाजपा
- रुद्रप्रयाग पूनम कठैत भाजपा
- पौड़ी रचना बुटोला भाजपा
- बागेश्वर शोभा आर्या भाजपा
- देहरादून सुखविंदर कौर कांग्रेस
(नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष पद के नतीजे आना शेष हैं, जबकि हरिद्वार जिले में पंचायत चुनाव नहीं हुए हैं।)
जीत में किंगमेकर बने निर्दलीय
जिला पंचायत सदस्य की 358 सीटों में से इस बार 145 सीटों पर निर्दलीयों का कब्जा रहा। भाजपा समर्थित उम्मीदवार 121 सीटों पर और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार 92 सीटों पर विजयी हुए। देहरादून से लेकर पर्वतीय जिलों तक जिपं अध्यक्ष पद के चुनाव में निर्दलीय किंगमेकर साबित हुए। देहरादून में कांग्रेस के पास 13 सदस्य थे, जिनको चार निर्दलीयों का समर्थन मिला। इसी तरह कई जिलों में भाजपा को भी निर्दलीयों ने वोट देकर जीत दिलाई।