उत्तराखंड: केदारनाथ और बदरीनाथ पहुंचीं दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता, किए दर्शन और मांगा आशीर्वाद

सरकार के 100 दिन पूरे होने पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता उत्तराखंड आईं। उन्होंने पहले हरिद्वार में गंगा आरती की और फिर केदारनाथ जाकर बाबा केदार के दर्शन किए।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज सुबह सोमवार को केदारनाथ धाम पहुंचीं, जहां उन्होंने बाबा केदार के दर्शन किए और देश की सुख-शांति के लिए पूजा की। इसके बाद उन्होंने बदरीनाथ धाम जाकर भगवान बद्रीविशाल के दर्शन किए।

इससे पहले रविवार को वह हरिद्वार दौरे पर थीं। वहां उन्होंने अपने पति के साथ हर की पैड़ी पर गंगा स्नान किया। गंगा सभा की ओर से उनका स्वागत भी किया गया। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला हरिद्वार दौरा था। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मां गंगा में स्नान करना उनके लिए एक खास और भावनात्मक अनुभव है।

 

मैंने अपनी सरकार के 100 दिन पूरे होने के बाद पुण्य स्थल हर की पैड़ी पर मां गंगा के दर्शन किए। मां के चरणों में प्रणाम करते हुए मैंने यह प्रार्थना की कि हमारा भारत विकसित बने और दिल्ली इसमें अहम भूमिका निभाए।

 

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि जैसे संतजन चाहते हैं, वैसे ही मैं भी यह चाहती हूं कि एक दिन हम यमुना नदी में भी स्नान कर सकें। इसके लिए पूरे कार्यकाल में यमुना की सफाई को लेकर अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सीएम बनने के बाद पहली बार हरिद्वार आकर गंगा में स्नान किया है और अब संतों का आशीर्वाद लेकर संकल्प के साथ लौट रही हूं। यह बातें उन्होंने रविवार को कनखल में आयोजित वात्सल्य गंगा आश्रय के उद्घाटन कार्यक्रम में कहीं।