उत्तराखंड: सीएम धामी ने की उच्चस्तरीय बैठक, चारधाम यात्रा और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा कड़ी करने के दिए निर्देश

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की वर्चुअल बैठक में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री ने सीएम आवास पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर उत्पन्न परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए चारधाम यात्रा, राज्य के प्रमुख प्रतिष्ठानों, बांधों और ऊर्जा संयंत्रों की सुरक्षा के लिए उच्चाधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता और उपायों का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शासन, प्रशासन और पुलिस को अलर्ट मोड में रहना चाहिए। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों के अवकाश पर रोक लगा दी है और केवल आपातकालीन परिस्थितियों में ही अवकाश की अनुमति देने का निर्णय लिया है।
बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की वर्चुअल बैठक में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री ने सीएम आवास पर उच्चाधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि राज्य के अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से जुड़े सभी क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं और सीमांत इलाकों में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
इस समय राज्य में चारधाम यात्रा जारी है, जिसमें लाखों श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। इसलिए यात्रा मार्गों और चारों धामों में सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में कई राष्ट्रीय महत्व के प्रतिष्ठान हैं, जिनकी सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को अपने-अपने जिलों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि शासन और प्रशासन हर संभव मदद के लिए तैयार हैं। उन्होंने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा के लिए अतिरिक्त केंद्रीय सुरक्षा बल उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का धन्यवाद व्यक्त किया। इस बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, डीजीपी दीपम सेठ, सचिव शैलेश बगौली और वीके सुमन भी उपस्थित थे।
जिला और तहसील स्तर पर आवश्यक वस्तुओं आपूर्ति बनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए जिला और तहसील स्तर पर खाद्यान्न और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति निरंतर बनाए रखी जाए। उन्होंने अस्पतालों को आपातकालीन परिस्थितियों के लिए तैयार रखने और सभी आवश्यक दवाओं का पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया।
बचाव व राहत कार्यों के लिए प्रशिक्षण दिया जाए
मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिक सुरक्षा दल और स्वयंसेवी संस्थाओं को बचाव और राहत कार्यों के लिए प्रशिक्षित किया जाए। इसके साथ ही, लोगों को सही और प्रमाणित सूचनाओं के साथ सतर्क किया जाए, ताकि वे अफवाहों से बच सकें। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि जनसाधारण तक केवल सही जानकारी पहुंचे। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और सोशल मीडिया पर इस पर निरंतर निगरानी रखी जाए।