महासू महाराज का आदेश मिला, और मैं आ गया – सीएम धामी ने दर्शन कर जनसभा को संबोधित

सीएम धामी ने बताया कि 27 तारीख को मुखवा हर्षिल में प्रधानमंत्री का कार्यक्रम प्रस्तावित है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने से पहले वे महासू देवता के दर्शन करना चाहते थे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन से पहले चारों महासू देवताओं के जयकारे लगाए। उन्होंने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि वे मां यमुना की सहायक नदी टोंस के तट पर, इस अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता, आध्यात्मिक चेतना और विशिष्ट परंपराओं के बीच आप सभी से मिलने आए हैं। उन्होंने बताया कि 2022 के चुनाव परिणाम आने से पहले वे महासू महाराज के दर्शन के लिए आए थे। तब से उनके मन में लगातार यह इच्छा थी कि कब उन्हें फिर से महासू महाराज के दर्शन का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे पवित्र धाम में कोई भी अपनी इच्छा से नहीं आता, बल्कि बुलावे पर ही आ सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि आपकी इच्छा हो लेकिन महासू महाराज की इच्छा न हो, तो आप यहां नहीं आ सकते। उन्होंने बताया कि वह सोच रहे थे कि यह शुभ दिन कब आएगा। उन्होंने रणवीर सिंह की ओर इशारा करते हुए कहा कि वह पीछे बैठे हैं और उन्होंने उनसे पूछा था कि कब जाएंगे। इस पर रणवीर सिंह ने जवाब दिया कि जब बुलावा आएगा, तभी जाएंगे, क्योंकि हमारे सोचने से कुछ नहीं होगा। अंततः महासू महाराज की इच्छा हुई और आने का अवसर मिला। मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि 27 तारीख को मुखवा हर्षिल में प्रधानमंत्री का कार्यक्रम प्रस्तावित है और उन्होंने सोचा था कि उसमें शामिल होने से पहले महासू देवता के दर्शन अवश्य करेंगे।
विधानसभा का सत्र कल समाप्त हुआ। उसे एक दिन पहले मैंने सोच लिया था कि अब वहां कार्यक्रम करना है। महासू देवता के दर्शन करेंगे उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। आगे के कामों के लिए उनसे और आशीर्वाद लेकर हम आगे बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार विधानसभा में बहुत ऐतिहासिक काम किए गए हैं। एक कानून और बना दिया गया जिसकी, प्रतीक्षा उत्तराखंड राज्य को लंबे समय से थी। उसके लिए बहुत बार अपनी जनभावनाएं प्रकट की।
महासू महाराज की कृपा से सारे वचन पूरे किए
मंचों पर लगातार यह मुद्दा उठता रहा है कि उत्तराखंड की भूमि और संसाधन गलत तरीके से इस्तेमाल हो रहे हैं। कई बाहरी लोग यहां आकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं और हमारी मूल संस्कृति से छेड़छाड़ कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने पहले ही स्पष्ट किया था कि हमारे सभी वायदे उत्तराखंड की देवतुल्य जनता से किए गए थे, और महासू महाराज की कृपा से वे वचन पूरे भी किए गए हैं।
इस बार विधानसभा सत्र में लंबे समय से प्रतीक्षित सशक्त भू-कानून भी पारित हो गया, जिसका वादा हमने किया था। महासू महाराज की कृपा से कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए गए हैं। आज उत्तराखंड देशभर में कई मामलों में चर्चा का केंद्र बना हुआ है और अग्रणी राज्यों में अपनी जगह बना रहा है।
नीति आयोग के 2023-24 के इंडेक्स में उत्तराखंड विकास के मामले में पहले स्थान पर आया है। बेरोजगारी की दर में एक साल के भीतर 4.4 प्रतिशत की कमी लाकर हमने राष्ट्रीय औसत को भी पीछे छोड़ दिया है। 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर निकलने वाली झांकी में उत्तराखंड का प्रदर्शन भी शीर्ष तीन में रहता है।
ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, स्टार्टअप्स और नवाचार के क्षेत्र में राज्य तेजी से प्रगति कर रहा है। बहुउद्देशीय शिविरों में लगने वाले स्टॉलों पर मातृशक्ति की भागीदारी देखकर खुशी होती है। सिर्फ यहां ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड में जहां भी जाता हूं, वहां मातृशक्ति का विशेष स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त होता
है।
मातृ शक्तियों को देख माता को करता हूं याद : धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जब वे इतने बड़े समूह में मातृशक्ति को एकजुट देखते हैं, तो उन्हें अपनी मां की याद आती है। उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद देखा है कि किस तरह मातृशक्ति कठिनाइयों और संघर्षों के बावजूद आगे बढ़ती है। उनके सामने कई चुनौतियां होती हैं—उन्हें घर संभालना होता है, परिवार का ख्याल रखना होता है, पशुओं की देखभाल करनी पड़ती है और बच्चों की चिंता भी करनी होती है।
मुख्यमंत्री ने विधायक मुन्ना सिंह चौहान के ‘लखपति दीदी’ के जिक्र का हवाला देते हुए कहा कि आज प्रदेश की एक लाख बहनें अपने परिश्रम और कौशल के बल पर ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। प्रधानमंत्री द्वारा शुभारंभ किए गए हाउस ऑफ हिमालया ब्रांड के तहत बहनों के स्टालों में बेहतरीन उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। सिलाई, बुनाई, कढ़ाई, खिलौने और खाद्य उत्पादों की मांग न सिर्फ देश में बल्कि पूरी दुनिया में बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति में उन्हें उम्मीद की एक किरण दिखती है, जिससे यह विश्वास होता है कि जो लक्ष्य उन्होंने तय किया है, उसे जरूर हासिल किया जाएगा।
महिलाएं राज्य के लिए बनेगी गेम चेंजर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बाबा केदार के धाम से चोला-डोरा पहनकर घोषणा की थी कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा। इसका मतलब है कि आने वाले वर्षों में उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में होगा, और इसमें सबसे महत्वपूर्ण भूमिका मातृशक्ति की होगी। जिस तरह से वे मेहनत कर रही हैं, नए उत्पाद बना रही हैं और नवाचार कर रही हैं, वह हमारे राज्य के लिए एक बड़ा बदलाव लाने वाला साबित होगा। हमने राज्य में महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाएं बनाई हैं और उन पर तेजी से काम कर रहे हैं।
अभी हनोल मास्टर प्लान की केवल शुरुआत भर हुई है
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मास्टर प्लान की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन काम अभी पूरा नहीं हुआ है। जरूरत के अनुसार इसमें विस्तार किया जाएगा और धाम की कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाया जाएगा। हमारा लक्ष्य है कि हलोल का मास्टर प्लान तैयार किया जाए, जिससे महासू महाराज की कृपा से इस पूरे क्षेत्र में समृद्धि आए। प्रधानमंत्री की प्राथमिकताओं में यह क्षेत्र शामिल है, और वे हमेशा महासू महाराज का स्मरण करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं महासू महाराज के अनन्य भक्त हैं और सदैव उनकी कृपा का अनुभव करते हैं। आने वाले समय में यहां की यात्रा तेज गति से बढ़ेगी, जिससे श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा होगा। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी—होटल, दुकानें, टैक्सियां और स्थानीय उत्पादों की मांग बढ़ेगी। पूरे केदारखंड की बात करें तो चारों धामों में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रधानमंत्री की यात्रा के बाद मानसखंड में भी कैलाश यात्रा के श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हुई है।
मन की बात कार्यक्रम में उत्तराखंड का नाम जरूर लेते हैं प्रधानमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मन में उत्तराखंड बसता है। उन्होंने कहा कि मन की बात कार्यक्रम में उत्तराखंड का नाम जरूर लेते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम में राज्य में हुए 38 वें राष्ट्रीय खेलों की व्यवस्था और संचालन की प्रशंसा की। वहीं, ये राष्ट्रीय खेल प्रदेश को देवभूमि वीर भूमि, खेल भूमि के रूप में स्थापित करेंगे। इसका उल्लेख आज प्रधानमंत्री ने भी किया। हम देश में राष्ट्रीय खेलों में 35 वे स्थान से सातवें स्थान पर आ गए हैं। वहीं, पदक तालिका में हमारा स्थान चौथे नंबर पर आ गया है।