उत्तराखंड: सितंबर में प्रशिक्षण शिविर, संगठन विस्तार और पुनर्गठन पर फोकस

बैठक में संगठन की गतिविधियों का जायजा लिया गया और आने वाले कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश से मुलाकात की। मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस बैठक में प्रदेशाध्यक्ष व राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार भी मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश की राजनीतिक और संगठनात्मक स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।

 

 

शिव प्रकाश ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्य की योजनाओं और उनके धरातल पर हो रहे क्रियान्वयन की जानकारी दी। साथ ही पार्टी के कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी गहन विमर्श किया गया।

 

बैठक में प्रदेश संगठन की विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की गई और आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। सितंबर में प्रस्तावित सांसदों और विधायकों के प्रशिक्षण शिविर की तैयारियों पर भी विचार किया गया। इसके अलावा, संगठन की प्रदेश और जिला स्तरीय इकाइयों के पुनर्गठन और विस्तार को लेकर रणनीति बनाई गई। उद्देश्य यह रहा कि संगठन की संरचना अधिक प्रभावशाली, अनुशासित और जनता से सीधे जुड़ी हो।

 

इसके अतिरिक्त, प्रदेश में वर्तमान में चल रहे त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की समीक्षा करते हुए द्वितीय चरण की रणनीति तथा भविष्य की दिशा को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। संगठन की चुनावी तैयारियों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसंपर्क अभियानों की गति को और तीव्र करने पर बल दिया गया।