उत्तराखंड: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद पर फिर महेंद्र भट्ट, राष्ट्रीय परिषद में निशंक-त्रिवेंद्र समेत दिग्गज तय

प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए केवल महेंद्र भट्ट ने नामांकन दाखिल किया है। वहीं राष्ट्रीय परिषद सदस्य के रूप में निशंक, त्रिवेंद्र, तीरथ सहित आठ नेताओं का चयन तय माना जा रहा है।

 

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर महेंद्र भट्ट का दूसरी बार निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है। नामांकन प्रक्रिया में उनके अलावा किसी और ने पर्चा नहीं भरा। राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत सहित आठ वरिष्ठ नेताओं का चयन भी तय माना जा रहा है। मंगलवार को प्रांतीय परिषद की बैठक में केंद्रीय चुनाव अधिकारी हर्ष मल्होत्रा प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के निर्वाचन की औपचारिक घोषणा करेंगे।

 

सोमवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। महेंद्र भट्ट ने अपना नामांकन पत्र प्रदेश चुनाव अधिकारी खजान दास को सौंपा। संगठन चुनाव प्रक्रिया के दौरान सह चुनाव अधिकारी पुष्कर काला, मीरा रतूड़ी और राकेश गिरी के साथ ही सरकार में दायित्वधारी ज्योति गैरोला, सुभाष बड़थ्वाल, कुलदीप कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश कोली, मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान समेत कई पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

 

इन नेताओं ने भट्ट के नाम का किया प्रस्ताव

 

नामांकन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद चुनाव अधिकारी खजान दास ने जानकारी दी कि महेंद्र भट्ट द्वारा पांच सेटों में नामांकन दाखिल किए गए, जिन पर कुल 10 अलग-अलग प्रस्तावकों के हस्ताक्षर थे। प्रत्येक सेट के मुख्य प्रस्तावक के तौर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी एवं गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, नैनीताल सांसद अजय भट्ट और केंद्रीय राज्य मंत्री व अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा शामिल रहे।

 

अन्य प्रस्तावकों में प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कल्पना सैनी, टिहरी सांसद महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक बिशन सिंह चुफाल, विधायक विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ, विनोद कंडारी, राम सिंह कैड़ा, महंत दिलीप सिंह रावत और बृजभूषण गैरोला शामिल थे।

 

राष्ट्रीय परिषद के लिए ये नेता चुने जाएंगे

 

राष्ट्रीय परिषद सदस्य के लिए कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, पूर्व सीएम डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, अजय भट्ट, माला राज्य लक्ष्मी शाह व कल्पना सैनी ने नामांकन किया। इन सभी नेताओं का राष्ट्रीय परिषद के लिए चुना जाना तय है।

 

महेंद्र भट्ट के अध्यक्ष बनने के बाद हमें सभी चुनाव में विजय मिली। संगठन का विस्तार हुआ। सामान्य कार्यकर्ता से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक की यात्रा में उनका लंबा राजनीतिक अनुभव रहा है। उन्होंने सबको साथ लेकर संगठन को गति देने में बड़ा योगदान दिया है। सभी वरिष्ठ नेताओं ने आज उनके नामांकन का प्रस्ताव किया है। कल नतीजा आ जाएगा। – पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्रीआज भाजपा का संगठन पर्व चल रहा है। भाजपा देश की अकेली ऐसी पार्टी है जहां सबसे निचली इकाई से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक चुनाव की प्रक्रिया अपनाई जाती है। चुनाव में प्रत्येक सक्रिय व आम कार्यकर्ता भाग ले सकता है। प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय परिषद सदस्य पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। मंगलवार को इसकी घोषणा हो जाएगी। – अनिल बलूनी, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी भाजपा व गढ़वाल सांसद

 

लगातार दूसरी बार अध्यक्ष बनने का भट्ट बनाएंगे रिकार्ड

 

मंगलवार को औपचारिक घोषणा के साथ ही महेंद्र भट्ट उत्तराखंड भाजपा के लगातार दूसरी बार अध्यक्ष बनने का रिकार्ड बनाएंगे। उनसे पहले किसी भी अध्यक्ष को दूसरी बार संगठन की बागडोर संभालने का अवसर नहीं मिला। भट्ट भाजपा के 10वें प्रदेश अध्यक्ष बनेंगे।

 

 

अब तक ये रहे प्रदेश अध्यक्ष

 

 

नाम कार्यकाल

 

पूरन चंद शर्मा             2000-2002

मनोहर कांत ध्यानी       200-2004

भगत सिंह कोश्यारी     2004-2007

बची सिंह रावत          2007-2009

बिशन सिंह चुफाल    2009-2013

तीरथ सिंह रावत        2013-2015

बंशीधर भगत           2020-2021

मदन कौशिक           2021 2022

 

महेंद्र भट्ट 30 जुलाई 2022 से अब तक