हेमकुंड साहिब यात्रा: पंच प्यारों के नेतृत्व में आज घांघरिया के लिए रवाना होंगे श्रद्धालु, कल खुलेंगे कपाट

कल रविवार को हेमकुंड साहिब के दरवाज़े श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे। 500 से ज़्यादा यात्री पहले ही घांघरिया पहुँच चुके हैं। कपाट खुलते समय तीन बैंड पार्टियां भी मौजूद रहेंगी।
हेमकुंड साहिब की यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। शनिवार को गोविंदघाट से पंज प्यारों के नेतृत्व में सिख श्रद्धालुओं का जत्था बैंड-बाजों के साथ घांघरिया के लिए रवाना होगा। कपाट खुलने से पहले ही तीन हजार से ज्यादा श्रद्धालु यहां पहुंच चुके हैं। शुक्रवार को ही 500 से अधिक श्रद्धालु घांघरिया पहुंच गए थे।
हेमकुंड साहिब के कपाट 25 मई को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। यात्रा की तैयारियों के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहले ही घांघरिया पहुंच चुके हैं। शुक्रवार को ऋषिकेश से निकला एक जत्था गोविंदघाट गुरुद्वारा पहुंचा, जहां शनिवार को अरदास के बाद पंज प्यारों की अगुवाई में वह घांघरिया के लिए रवाना होगा।
घांघरिया में रात बिताने के बाद श्रद्धालु रविवार को हेमकुंड साहिब के लिए प्रस्थान करेंगे। उसी दिन तय समय पर धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार हेमकुंड साहिब के कपाट खोले जाएंगे। गुरुद्वारे के प्रबंधक सेवा सिंह ने जानकारी दी कि शनिवार सुबह 7:30 बजे अखंड पाठ शुरू होगा, इसके बाद 15 मिनट तक शबद कीर्तन होगा और सुबह 7:50 बजे अरदास की जाएगी।
पहले दिन के लिए चार हजार से अधिक ने पंजीकरण करवाया
सुबह 8 बजे यात्रा शुरू करने का आदेश लिया जाएगा। इसके बाद बैंडबाजों की धुन पर, पंज प्यारों की अगुवाई में संगत को सम्मानपूर्वक सरोपे पहनाकर हेमकुंड साहिब के लिए रवाना किया जाएगा। बताया गया है कि पहले दिन की यात्रा के लिए चार हजार से ज़्यादा श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है।
तीन हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं जिसमें से 500 से अधिक घांघरिया पहुंच गए हैं। इस साल कपाट खुलने के समय पंजाब से सतनाम, हरविंदर सिंह और गढ़वाल स्काउट की बैंड पार्टी मौजूद रहेगी। इस दौरान गुरुद्वारा प्रबंधक के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।