उमस के चलते हल्द्वानी की रात देहरादून से भी गर्म

हल्द्वानी में चार दिनों से लगातार गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान कर रखा है। सोमवार को भी चिलचिलाती धूप और भारी उमस के कारण दिनभर लोग बेहाल रहे।

 

गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले चार दिनों से हल्द्वानी में उमस भरी गर्मी से जनजीवन प्रभावित हो रहा है और दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सोमवार को भी तेज धूप और उमस के चलते लोग परेशान नजर आए।

हालांकि, राहत की उम्मीद भी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दो दिन बाद प्री-मानसून बारिश की शुरुआत हो जाएगी, जबकि 20 जून से उत्तराखंड में मानसून दस्तक देगा।

 

 

 

पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि 11 जून की दोपहर तक गर्मी बनी रहेगी, लेकिन रात से मौसम करवट लेगा। 12 से 14 जून के बीच प्री-मानसून की बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में वातावरण में नमी का स्तर 36 प्रतिशत तक पहुंच चुका है और पूर्वी हवाओं के चलते नमी और अधिक बढ़ रही है, जिससे तापमान के साथ-साथ उमस भी बढ़ गई है।

 

उमस के चलते हल्द्वानी की रात देहरादून से भी गर्म

हल्द्वानी में अब दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी राजधानी देहरादून से ऊपर पहुंच गया है। यहां अधिकतम तापमान दो डिग्री बढ़कर 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28.6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि देहरादून में अधिकतम तापमान 38.7 और न्यूनतम 25.3 डिग्री रहा।

वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में भी गर्मी का असर दिखाई दे रहा है। मुक्तेश्वर में दिन का तापमान दो डिग्री बढ़कर 26.2 डिग्री और रात का तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

नैनीताल में भी तापमान 30 डिग्री पहुंचा

 

नैनीताल शहर में सोमवार को तेज धूप के चलत तापमान में उछाल आया है। सुबह आसमान में बादल थे और हल्की धूप खिली थी। दोपहर बाद तेज धूप के चलते अन्य दिनों के सापेक्ष गर्मी अधिक थी। जिला मौसम विज्ञान केंद्र प्रभारी नवीन धूसिया के मुताबिक अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा। झील नियंत्रण कक्ष प्रभारी रमेश गैड़ा के एक फीट आधा इंच रहा, जो बीते वर्ष से एक इंच अधिक है।